एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से विशेष व्याख्यान एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाचार पत्र के ब्यूरो प्रभारी डॉ. महेंद्र बदरेल ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को 21वीं सदी में मीडिया की बदलती भूमिका, पत्रकारिता के नए आयामों और पत्रकारों की सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. महेंद्र बदरेल ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया केवल समाचारों के प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि जनमत निर्माण, सामाजिक जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के विस्तार से सूचनाओं का प्रसार पहले की अपेक्षा अधिक तेज और व्यापक हुआ है। हालांकि, इसके साथ फेक न्यूज, भ्रामक सूचनाओं और अपुष्ट समाचारों जैसी चुनौतियां भी बढ़ी हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत उसकी विश्वसनीयता है। किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना, विश्वसनीय स्रोतों से जानकारी जुटाना और निष्पक्षता बनाए रखना एक जिम्मेदार पत्रकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में जनहित, सत्य और नैतिक मूल्यों को हमेशा सर्वोच्च स्थान मिलना चाहिए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। उन्होंने मीडिया को लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए विद्यार्थियों से पत्रकारिता के सामाजिक दायित्वों और आधुनिक संचार तकनीकों को समझने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में पत्रकारिता, जनसंचार, भारतीय प्रेस का इतिहास, प्रेस की स्वतंत्रता, मीडिया के विभिन्न स्वरूपों और समसामयिक मीडिया परिदृश्य से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में टीम ‘यू’ ने 60 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। टीम की कप्तान तन्वी और मधु ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस प्रत्येक वर्ष 16 नवंबर को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1966 में भारतीय प्रेस परिषद ने औपचारिक रूप से कार्य करना शुरू किया था। यह दिवस प्रेस की स्वतंत्रता, निष्पक्ष पत्रकारिता, मीडिया की जवाबदेही और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष तथा सहायक आचार्य सुधीर कमटेस नेगी ने मुख्य वक्ता, मुख्य अतिथि, महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव और मीडिया जगत के विशेषज्ञों से संवाद के अवसर उपलब्ध करवाना है, ताकि वे पत्रकारिता के पेशेवर मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
