एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करी के मुख्य सप्लायर को हरियाणा के पिंजौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 49 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, 1,02,500 रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद की है। इस मामले में पुलिस अब तक कुल करीब 72 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर चुकी है।
पुलिस थाना ठियोग में दर्ज अभियोग संख्या 170/2026, दिनांक 13 नवंबर 2026, के तहत धारा 21 और 29 ND&PS एक्ट में यह कार्रवाई की गई है। मामले की शुरुआत 12 नवंबर को हुई थी, जब पुलिस ने पपिल भूषण (37) और सुरेश (39), निवासी तहसील कोटखाई, जिला शिमला को गिरफ्तार किया था। इस दौरान उनके कब्जे से 23 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई थी।
आरोपियों से पूछताछ और मामले की आगामी जांच में खुलासा हुआ कि वे ओमकार उर्फ ओमी पुत्र तुलसी राम, निवासी ठियोग, से फोन के माध्यम से चिट्टा खरीदते थे। ओमकार वर्तमान में पिंजौर, जिला पंचकूला (हरियाणा) में रह रहा था। आरोपी सप्लाई का भुगतान नकद में करते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पूछताछ और कॉल डिटेल का विश्लेषण कर मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाई।
इसके बाद पुलिस टीम ने हरियाणा के पिंजौर में दबिश दी और 15 नवंबर 2026 को ओमकार उर्फ ओमी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। उसके ठिकाने की तलाशी के दौरान 49 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, 1,02,500 रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद की गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि ओमकार उर्फ ओमी के खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में वर्ष 2021 में ND&PS एक्ट के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से ठियोग-कोटखाई क्षेत्र में बड़े स्तर पर चिट्टे की सप्लाई कर रहा था और हरियाणा में रहकर हिमाचल प्रदेश के युवाओं, विशेषकर ठियोग और कोटखाई क्षेत्र को नशे की आपूर्ति कर रहा था।
2026 में 94 मुख्य सप्लायर बाहरी राज्यों से गिरफ्तार
शिमला पुलिस के अनुसार नशा तस्करी के खिलाफ वर्ष 2026 में अब तक 94 मुख्य सप्लायरों को विशेष अभियान चलाकर बाहरी राज्यों से गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में 8 और वर्ष 2024 में 15 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया था।
इसी तरह बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर वर्ष 2026 में अब तक 70 अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। जबकि वर्ष 2025 और 2024 में ऐसे केवल 4-4 नेटवर्क को ही ध्वस्त किया जा सका था।
शिमला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान केवल स्थानीय स्तर पर नशे की खेप बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है। पुलिस अब बैकवर्ड लिंकेज विकसित कर नशे की सप्लाई के स्रोत, मुख्य सप्लायरों और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क तक पहुंचकर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
