एआरबी टाइम्स ब्यूरो, ऊना
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बदोली गांव में दिवाली की रात पटाखे जलाने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में थार गाड़ी की चपेट में आने से ओंकार सिंह और उनकी पत्नी बीना देवी की मौत हो गई। वहीं, परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर सदर थाना ऊना में क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 8 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे की है। एक पक्ष की ओर से ओंकार सिंह के पिता अजमेर सिंह (62) ने शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिवाली की रात उनका परिवार घर के मुख्य गेट के बाहर पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने बेटे केशव के साथ थार गाड़ी में वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद जरनैल सिंह ने तेज रफ्तार से थार गाड़ी परिवार के सदस्यों पर चढ़ा दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, परिवार के सदस्य जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन चालक ने गाड़ी को बार-बार उनकी ओर मोड़ा। इस दौरान उनका बेटा ओंकार सिंह, बहू बीना देवी और पत्नी सुषमा गाड़ी की चपेट में आकर नीचे गिर गए। इस घटना में ओंकार सिंह और बीना देवी की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।
दूसरे पक्ष ने दराट से हमला करने का लगाया आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से जरनैल सिंह के 15 वर्षीय बेटे केशव ठाकुर ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उसने आरोप लगाया कि दिवाली की रात उनका परिवार घर के आंगन में पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पड़ोसी ओंकार सिंह और उनके परिवार के सदस्य घर के बाहर से गाली-गलौज करने लगे।
केशव के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे परमजीत हाथ में दराट लेकर उनके घर के गेट पर पहुंचा। उसके साथ फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर सिंह और ओंकार सिंह भी मौजूद थे। आरोप है कि इन लोगों ने उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। परमजीत ने दराट से उसके सिर पर वार किया, जबकि ओंकार सिंह ने उसके पिता जरनैल सिंह के सिर पर दराट से हमला किया। शिकायत में अन्य लोगों पर भी लात-घूंसों से मारपीट करने और घर के गेट पर लगी लाइटें तोड़ने के आरोप लगाए गए हैं।
फिलहाल, दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
