एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शोघी के समीप बसों की चेकिंग के दौरान तीन तस्करों को करीब 24 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल शिमला की टीम ने नाकाबंदी के दौरान दो अलग-अलग मामलों में यह कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में पुलिस ने एक बस की तलाशी के दौरान दो यात्रियों के कब्जे से करीब 13 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपियों की पहचान भोपिन्दर सिंह (30) और अनुज कुमार (32), दोनों निवासी रोहड़ू, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान भोपिन्दर सिंह की जैकेट की जेब में रखी सिगरेट की डिब्बी से पारदर्शी प्लास्टिक पन्नी में छिपाकर रखा गया चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 9 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
दूसरे मामले में पुलिस ने बस की सीट पर बैठे एक व्यक्ति के कब्जे से करीब 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी की पहचान विजय ठाकुर (42), निवासी कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आगामी अन्वेषण जारी है। नशे की सप्लाई और आरोपियों की संभावित संलिप्तता के संबंध में भी जांच की जा रही है।
