एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
निर्माणाधीन लुहरी जलविद्युत परियोजना स्थल के आसपास सतलुज नदी से कथित अवैध खनन और राष्ट्रीय राजमार्ग-05 के किनारे रेत के अवैध भंडारण का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निरसू से दत्तनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे जमा रेत को जब्त कर 24 घंटे के भीतर वजीर बावड़ी के समीप सरकारी भूमि पर स्थानांतरित करने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं, इस मामले में माइनिंग विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर अवैध खनन और रेत की डंपिंग की जानकारी विभाग को दिए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आई है।
उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि वीरवार रात भद्राश के समीप अवैध रूप से निकाली गई रेत से लदे टिप्परों को पुलिस ने कब्जे में लिया था। थाना प्रभारी रामपुर की रिपोर्ट के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों में अवैध रूप से रेत जमा करने का मामला भी सामने आया। विशेष रूप से युग्वीन स्वीट शॉप और जियो पेट्रोल पंप निरसू के समीप रेत उतारने और भंडारण की गतिविधियां पाई गई हैं। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर अतिक्रमण होने के साथ यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
प्रशासन ने जब्त रेत को वजीर बावड़ी के समीप हिमाचल प्रदेश सरकार के स्वामित्व वाली उस खाली भूमि पर रखने के निर्देश दिए हैं, जो लोक निर्माण विभाग के कब्जे में उपलब्ध है। रेत की सुरक्षा के लिए यहां पुलिस निगरानी के साथ पीटीजेड सौर ऊर्जा संचालित सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। प्रशासन को आशंका है कि रात के समय जब्त रेत चोरी की जा सकती है। इसलिए 24 घंटे के भीतर जब्ती और स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
एनएच-05 को 21 अक्तूबर 2026 को एनएचएआई को हस्तांतरित किया गया था। ऐसे में एनएचएआई के परियोजना निदेशक को जिला खनन अधिकारी और थाना प्रभारी रामपुर के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जब्त रेत की मात्रा, फोटोग्राफ और कार्रवाई से संबंधित पूरा रिकॉर्ड भी तैयार करना होगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा भी प्रशासन को सौंपना होगा।
स्टाफ की कमी से कार्रवाई में आ रही दिक्कतें
उधर, माइनिंग विभाग के सहायक इंस्पेक्टर किशोरी लाल ने कहा कि विभाग की ओर से समय-समय पर अवैध रूप से रेत निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, स्टाफ की कमी के कारण निगरानी और कार्रवाई में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वीरवार रात पुलिस के सहयोग से तीन वाहनों के चालान किए गए हैं। इन वाहनों को न्यू बस स्टैंड स्थित यार्ड में खड़ा किया गया है।
क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे अवैध खनन और रेत भंडारण के मामलों ने नदी संपदा की सुरक्षा और विभागीय निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन के सख्त आदेशों के बाद अवैध खनन और रेत की अनधिकृत डंपिंग पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।
