एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर में कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही के चलते एक मजदूर की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा अप्पर डकोलर मोड़ के पास नोगली-रामपुर ओल्ड फीडर पर उस समय हुआ, जब दूरसंचार कंपनी से संबंधित कार्य के दौरान एक खंभा ऊपर से गुजर रही 22 केवी की चालू हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। पुलिस ने मामले में ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हादसे में जम्मू-कश्मीर निवासी 22 वर्षीय गजाय सिंह की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं, बिजली के जोरदार झटके से एक अन्य व्यक्ति भी झुलस गया। घायल को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी में भर्ती करवाया गया है।
विद्युत विभाग के रामपुर-1 अनुभाग के अधिकारियों के अनुसार, 22 अक्तूबर को बिजली लाइन का निरीक्षण करने के दौरान पाया गया कि दूरसंचार कंपनी का खंभा 22 केवी की चालू लाइन को छू रहा था। आरोप है कि संबंधित कार्य शुरू करने से पहले ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर ने विद्युत विभाग को सूचित नहीं किया और न ही सुरक्षा के मद्देनजर बिजली बंद करवाने की अनुमति ली।
विद्युत विभाग के एसडीओ रामपुर राजेश मुखिया ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के आसपास किसी भी तरह का कार्य करते समय निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है। चालू बिजली लाइन के नजदीक काम शुरू करने से पहले विद्युत विभाग को सूचित करना और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना अनिवार्य है। इस मामले में विभागीय स्तर पर सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस को शिकायत दी गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच के दौरान हादसे के कारणों, कार्यस्थल पर अपनाए गए सुरक्षा उपायों और संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी की पड़ताल की जा रही है।
