शिमला। चिट्टा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस ने शोघी में एक बस से 14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक जम्मू-कश्मीर का रहने वाला है जबकि युवती रोहड़ू क्षेत्र की रहने वाली है।
पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को शिमला पुलिस के स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि आरीफ हुसैन निवासी जम्मू-कश्मीर और नेहा उर्फ सोनू निवासी लोअर कोटी, रोहड़ू, चंडीगढ़ से एक बस में भारी मात्रा में चिट्टा लेकर शिमला की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने शोघी में नाकाबंदी कर संबंधित बस को रोककर तलाशी ली। इस दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
बालूगंज थाने में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एफआईआर संख्या 263/26, दिनांक 28 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया है। दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस बरामद चिट्टे के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
6.16 ग्राम हेरोइन मामले में आरोपी की जमानत याचिका खारिज
रामपुर बुशहर । रामपुर में 6.16 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामदगी से जुड़े मामले में आरोपी राजा नेगी को अदालत से राहत नहीं मिली है। विशेष न्यायाधीश, किन्नौर स्थित रामपुर की अदालत ने आरोपी की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से दायर जमानत याचिका खारिज कर दी है। पुलिस थाना रामपुर, जिला शिमला में इस मामले को लेकर 5 सितंबर 2026 को प्राथमिकी संख्या 92/2026 दर्ज की गई थी। आरोपी राजा नेगी निवासी ग्राम एवं डाकघर झाकड़ी, तहसील रामपुर, जिला शिमला का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
