एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला किन्नौर के निचार क्षेत्र के चगांव में जंगल में लगी आग के बीच हुए हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। जंगल में आग के कारण टूटकर नीचे गिरे मलबे की चपेट में आने से सड़क से गुजर रहा वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, चगांव में सत्संग भवन के समीप जंगल में आग लगी हुई थी। इसी दौरान आग की चपेट में आए पेड़ का मलबा टूटकर नीचे गिरा, जिसकी चपेट में वाहन संख्या HP 26A 2943 आ गया। हादसे के समय वाहन में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद तीनों को उपचार के लिए जेएसडब्ल्यू अस्पताल शोल्टू पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने 57 वर्षीय संजोकि देवी उर्फ संजू कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अभिषेक कुमार (36) और वीरेंद्र सिंह (43) को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन में आग लगने की घटना नहीं हुई, बल्कि जंगल में लगी आग के कारण टूटकर गिरे मलबे से वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
जंगलों में बढ़ती आग की घटनाएं अब वन संपदा के साथ-साथ लोगों की जान-माल के लिए भी बड़ा खतरा बनती जा रही हैं।
