एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के पशाड़ा कैंची के समीप सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब दो से तीन बजे के बीच पेश आया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांचों युवक शादी समारोह में फेरा डालने के बाद वाहन में सवार होकर अपने घर सरला परोग की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पशाड़ा कैंची के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
मृतकों की पहचान रामानंद (55) पुत्र कालूराम, ओम प्रकाश (40) पुत्र मान दास और हरमेंद्र (37) पुत्र स्वर्गीय देवेंद्र के रूप में हुई है। तीनों गांव जिगोचा, डाकघर खनेरी, तहसील रामपुर, जिला शिमला के निवासी थे।
वहीं, हादसे में राकेश (40) पुत्र कुंभ दास और रविंद्र (38) पुत्र स्वर्गीय देवेंद्र निवासी गांव जिगोचा घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही रामपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एक ही गांव के तीन लोगों की असामयिक मौत से जिगोचा और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
