रोहड़ू। रोहड़ू बाजार स्थित एक होटल में ठहरे 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक दिवाली मनाने के लिए दोस्तों के साथ रोहड़ू आया था। सुबह वह होटल के कमरे में मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में नशीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मृतक की पहचान रोहड़ू तहसील के शील डाकघर के तहत जलौह गांव निवासी कुशल (32) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कुशल अपने कुछ दोस्तों के साथ दिवाली मनाने रोहड़ू आया था। सभी एक होटल के कमरे में ठहरे हुए थे। सुबह जब कुशल कमरे में मृत मिला तो होटल प्रबंधन ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस दोस्तों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में नशीले पदार्थ के सेवन की आशंका सामने आई है, लेकिन फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। शव को विशेषज्ञ चिकित्सकीय जांच के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है। मौत के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
