15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला और पुरुष खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा, जीएमएस पोर्टल पर निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
मंडी | युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंडी जिले में ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत आठ खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों और टीमों को गेम्स मैनेजमेंट सिस्टम (जीएमएस) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के वीसी कक्ष में अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से ‘खेल अपनाओ-नशा भगाओ’ थीम पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक खेल गतिविधियों में लगाकर उन्हें नशे से दूर रखना और हिमाचल प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाने के प्रयासों को गति देना है।
अभियान के तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी, रस्साकशी और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। उपायुक्त ने सभी उपमंडलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आगामी पांच दिनों के भीतर बैठकें आयोजित कर जीएमएस पोर्टल के माध्यम से खिलाड़ियों और टीमों का ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि सभी उपमंडलों में 15 दिसंबर तक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी। ब्लॉक और उपमंडल स्तर पर होने वाले मुकाबलों के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता मंडी के पड्डल मैदान में करवाई जाएगी। उपायुक्त ने प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए संबंधित खेल संघों के सहयोग से योग्य रेफरी और अंपायर नियुक्त करने तथा तकनीकी समितियों को सक्रिय करने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों और उपमंडल स्तरीय समितियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, उनमें खेल भावना विकसित करने और स्वस्थ समाज के निर्माण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, सभी उपमंडलों के एसडीएम, विभिन्न विभागों के अधिकारी और खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
