मंडी| एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम की खिलाड़ी भावना ठाकुर को मंगलवार को ग्राम पंचायत चैलचौक (बैला) में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। एसडीएम गोहर देवी राम और ग्राम पंचायत बैला की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न, शॉल और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भावना ठाकुर की खेल उपलब्धियों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण से गोहर उपमंडल, मंडी जिला और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है।
ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत
वक्ताओं ने कहा कि भावना ठाकुर की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी उपलब्धि से अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भावना भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन और बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना आवश्यक है।
सम्मानित होने पर भावना ठाकुर ने उपमंडल प्रशासन और ग्राम पंचायत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का प्यार और स्नेह उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों, खेल प्रेमियों और भावना ठाकुर के परिवार के सदस्यों ने भाग लिया।
