एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
प्रदेश में युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान 2026’ के तहत रामपुर उपमंडल में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
अभियान के तहत क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती और रस्साकशी सहित आठ खेलों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक एवं युवतियां भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अगले स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा।
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। उपमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी या टीम को 51 हजार, द्वितीय स्थान पर 41 हजार और तृतीय स्थान पर 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार दो लाख, द्वितीय डेढ़ लाख रुपये तथा तृतीय स्थान के लिए भी नकद पुरस्कार निर्धारित किया गया है। राज्य स्तर पर विजेता को 31 लाख, उपविजेता को 15 लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी या टीम को 10 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
इच्छुक खिलाड़ी युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के आधिकारिक पोर्टल https://khelohimachal.hp.gov.in/ पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 है। प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों, युवा मंडलों, खेल क्लबों, पंचायत प्रतिनिधियों और अभिभावकों से युवाओं को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।
