एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झाकड़ी के खिलाड़ियों ने लालपानी, शिमला में आयोजित अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण समेत कुल सात पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के दम पर विद्यालय ने ओवरऑल मेडल प्रदर्शन में जिला स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में झाकड़ी विद्यालय के खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती में दमखम दिखाया। बॉक्सिंग में सुशांत और बिक्रम ने स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि मोक्ष नेगी ने रजत पदक जीता। ताइक्वांडो में ऋषभ ने स्वर्ण पदक और आशीष ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, वेटलिफ्टिंग में अंकुश ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। अंकुश ने कुश्ती में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इस तरह अंकुश ने दो अलग-अलग खेलों में पदक जीतकर अपनी बहुमुखी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने वोकेशनल ट्रेनी रोहन शर्मा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद नेगी ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार ने पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके मार्गदर्शक और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
