एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल के दौरान लिए गए निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) रामपुर के माध्यम से राष्ट्रपति को प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में ब्लॉक कांग्रेस रामपुर के अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने भारत निर्वाचन आयोग के कामकाज और मुख्य चुनाव आयुक्त के स्तर पर लिए गए विभिन्न निर्णयों को लेकर गंभीर चिंताएं जताई हैं। इसमें कहा गया है कि पिछले करीब दस महीनों के दौरान निर्वाचन आयुक्तों की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा लिए गए कुछ निर्णयों पर आपत्ति दर्ज करवाई गई थी। विशेष रूप से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने और हटाने तथा निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली के केंद्रीकरण को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए गए आरोपों की कानून के अनुसार जांच करने, उन्हें पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए प्रमुख निर्णयों की व्यापक एवं स्वतंत्र समीक्षा करवाने की मांग की है। इसके अलावा उनके कार्यकाल में मतदाता सूचियों में किए गए सभी बदलावों की स्वतंत्र और निष्पक्ष समीक्षा, एसआईआर प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली के केंद्रीकरण से जुड़े निर्णयों की पारदर्शी जांच करवाने की मांग भी उठाई गई है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि इन मांगों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया गया है, ताकि चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।
