एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पुलिस से सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों के हितों की पैरवी करने के उद्देश्य से पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन का गठन करने के उद्देश्य से रामपुर बैठक का आयोजन किया गया है। एसोसिएशन की पहली बैठक में संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया और पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में गोपाल कश्यप को सर्वसम्मति से एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया, जबकि सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सैयद अहमद को मुख्य सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई।
एसोसिएशन की पहली बैठक की अध्यक्षता सैयद अहमद ने की। इसमें रामपुर, कुमारसैन, निरमंड, आनी और ननखड़ी क्षेत्र से आए पुलिस पेंशनरों ने भाग लिया। बैठक में संगठन की आवश्यकता, इसके उद्देश्यों और भविष्य में किए जाने वाले कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि एसोसिएशन के माध्यम से सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को संबंधित मंचों पर उठाने के साथ उनके हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
सर्वसम्मति से चुनी गई नई कार्यकारिणी
बैठक में गठित कार्यकारिणी में गोपाल कश्यप को अध्यक्ष, आदर्श शर्मा को उपाध्यक्ष, मानदेव को सचिव, मस्तराम कपाटिया को सह सचिव और गोपू राम को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं, सैयद अहमद को मुख्य सलाहकार तथा यशपाल ठाकुर और धनसुख को सलाहकार नियुक्त किया गया।
कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में मोहन जोशी, चिंत राम, दौलत डोगरा, सीता राम, बिहारी लाल खाची, राजेंद्र सिंह, रामलाल, मेला राम, रामानंद कपाटिया, सतपाल शर्मा और श्याम लाल को शामिल किया गया।
सब ऑडिट कमेटी का भी गठन
एसोसिएशन के कार्यों की निगरानी के लिए सब ऑडिट कमेटी का गठन भी किया गया। इसमें तेजिंद्र शर्मा, रोशन वर्मा और लायक राम को शामिल किया गया है।
बैठक में सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और पुलिस पेंशनरों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाने पर जोर दिया। एसोसिएशन के गठन को क्षेत्र के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को साझा मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
