एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
भारतीय जनता पार्टी रामपुर विधानसभा क्षेत्र की ओर से 26 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-5 के समीप नोगली में जनप्रतिनिधि सम्मान एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में रामपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा।
भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने बताया कि समारोह की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। जयराम ठाकुर के रामपुर दौरे को सफल बनाने के लिए भाजपा के रामपुर, ननखड़ी और सराहन मंडलों में लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में ग्राम केंद्र स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को भाजपा मंडल ननखड़ी के ग्राम केंद्र देलठ में बैठक आयोजित की गई। इसमें कौल सिंह नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में मंडल पदाधिकारियों, ग्राम केंद्र अध्यक्षों, बूथ त्रिदेव, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों तथा पार्टी के वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान 26 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कौल सिंह नेगी ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जनता का भरपूर समर्थन मिला है। इसी जीत के सम्मान में समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों, वार्ड सदस्यों, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों सहित नगर परिषद के पार्षदों को सम्मानित किया जाएगा।
