एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पूर्व हिमकोफेड चेयरमैन एवं रामपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने मंगलवार को गोपालपुर पंचायत के ऐतिहासिक सैराग मैदान में चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष सराहन महेंद्र जैन, नरेश चौहान, मंडल पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कौल सिंह नेगी ने बताया कि पिछले दौरे के दौरान मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत के समक्ष स्थानीय जनता और भाजपा मंडल नेतृत्व ने सैराग मैदान के विकास के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी थी। इस पर सांसद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मैदान के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की थी।
उन्होंने कहा कि स्वीकृत धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग मैदान के निर्माण कार्य पर किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य पर संतोष जताते हुए कहा कि गोपालपुर पंचायत के विभिन्न गांवों के लोग इसमें अपना योगदान दे रहे हैं। मेला समिति के प्रयासों से ग्रामीण बारी-बारी से श्रमदान कर मैदान को बेहतर बनाने में जुटे हैं। मंगलवार को बाड़ा गांव के ग्रामीणों ने श्रमदान किया, जबकि अन्य गांवों के लोग भी निर्धारित दिनों में इस कार्य में सहयोग करेंगे।
कौल नेगी ने ग्रामीणों और मेला समिति के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में एकता और जनसहभागिता का सराहनीय उदाहरण बताया। उन्होंने सांसद कंगना रनौत का 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने के लिए आभार जताया।
उन्होंने कहा कि मैदान का निर्माण पूरा होने के बाद यहां आयोजित होने वाले मेले और खेलकूद प्रतियोगिताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उनका आयोजन अच्छे स्तर पर किया जा सकेगा।
