एआरबी टाइम्स ब्यूरो, हमीरपुर
सुजानपुर क्षेत्र में बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 18 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा देकर शिकायतकर्ता से लाखों रुपये ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने विश्वास दिलाने के लिए उसके बेटे के नाम पर कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति आदेश भी तैयार करवाया। दस्तावेजों की जांच में फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सतीश निवासी गांव बैरी, डाकघर जंगलबेरी ने रवि कुमार निवासी जिला कांगड़ा, राहुल किशोर गायवाड़ निवासी महाराष्ट्र और तिलक राज निवासी पठानकोट के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि तीनों ने उसके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके एवज में उससे करीब 18 लाख रुपये ले लिए।
आरोप है कि इस दौरान राहुल किशोर ने शिकायतकर्ता के बेटे के नाम पर अपॉइंटमेंट ऑर्डर (नियुक्ति पत्र) भी तैयार करवाया। जब परिवार ने संबंधित दस्तावेजों की जांच करवाई तो वे कथित तौर पर जाली पाए गए। इसके बाद शिकायतकर्ता को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस थाना सुजानपुर में शिकायत दर्ज करवाई।
जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपों से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
