एआरबी टाइम्स ब्यूरो, सोलन
पुलिस जिला बद्दी में जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना बद्दी और स्पेशल सेल की संयुक्त टीम ने 10 व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 9 लाख 18 हजार रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम ने बिग बाजार के पास स्थित एक दुकान में दबिश दी। इस दौरान दुकान के अंदर 10 व्यक्ति ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए पाए गए। पुलिस ने मौके से बरामद नकदी और ताश के पत्तों को नियमानुसार कब्जे में ले लिया।
मामले में पुलिस थाना बद्दी में Gambling Act के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच की जा रही है।
