एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 915 ग्राम अफीम बरामदगी के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 30 अक्टूबर 2026 को मटियाना बाजार से गिरफ्तार किया। इस मामले में इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 की रात करीब 10:20 बजे पुलिस थाना सुन्नी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कादरघाट से नौटीखड्ड की ओर करीब दो किलोमीटर आगे सड़क किनारे खड़ी एक ऑल्टो कार में दो व्यक्ति अफीम बेचने के उद्देश्य से मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली। इस दौरान कार के डैशबोर्ड से पॉलिथीन सहित 915 ग्राम अफीम बरामद हुई।
इस संबंध में पुलिस थाना सुन्नी में एफआईआर संख्या 23/2026, दिनांक 11 जून 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दिनेश कुमार उर्फ दुर्गा सिंह (45), निवासी गांव भोग, तहसील ठियोग और धर्मेंद्र कुमार हिमराल (35), निवासी गांव बनूना, तहसील सुन्नी को गिरफ्तार किया था।
मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने अफीम की आपूर्ति से जुड़े पिछले संपर्कों की पड़ताल की। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने 30 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए राकेश कुमार उर्फ मोटू (43) पुत्र स्वर्गीय दिला राम, निवासी गांव छराई, तहसील ठियोग को मटियाना बाजार से गिरफ्तार कर लिया।
इस तरह 915 ग्राम अफीम बरामदगी के इस मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है और नशे की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों के संपर्कों का पता लगाने में जुटी है। जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
