एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला शिमला के पुलिस थाना कुमारसैन के अंतर्गत महिलाओं से सोने के आभूषण छीनने की तीन वारदातों को सुलझाते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ओडी, कण्डयाली और बारूबाग में महिलाओं की आंखों में मिर्च पाउडर या इसी प्रकार का पदार्थ डालकर आभूषण छीनने के मामलों में पुलिस ने सभी छीने गए आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की है।
पुलिस ने इन मामलों में तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी जैल सिंह पुत्र कर्ण सिंह, निवासी जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर को 6 अक्टूबर 2026 को नूरपुर से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से की गई पूछताछ के आधार पर छीने गए आभूषणों की तलाश की गई।
इसके बाद 10 अक्टूबर 2026 को जम्मू स्थित जैन मार्केट के समीप एक पुराने मकान से तीनों वारदातों में छीनी गई सोने की बालियां और मंगलसूत्र बरामद किए गए। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने तीनों मामलों में चोरी और छीने गए आभूषणों की बरामदगी का लक्ष्य पूरा कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और उसे जिला कारागार कैथू भेज दिया गया है। तीनों मामलों में आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी को पुलिस की महत्वपूर्ण कामयाबी माना जा रहा है।
