एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक मामले में 632 ग्राम चरस और दूसरे मामले में 6.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

पहले मामले में स्पेशल सेल शिमला की टीम ने फागू-चेओग लिंक रोड पर तलई के पास एक गाड़ी की तलाशी ली। इस दौरान गाड़ी की अगली सीट के नीचे छिपाकर रखे सफेद कैरी बैग से करीब 632 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने गाड़ी में सवार तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल, अरविंद और विकेश, निवासी तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद चरस और वाहन को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में पुलिस थाना ठियोग में एफआईआर नंबर 178/2026, दिनांक 20 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 में मामला दर्ज किया गया है।

वहीं, दूसरे मामले में डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम ने भारतोनाला के पास गश्त एवं चेकिंग के दौरान एक गाड़ी में सवार दो व्यक्तियों की तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से 6.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान मुकेश (24) और रोहित (26), निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में पुलिस थाना कुमारसैन में एफआईआर नंबर 94/2026, दिनांक 20 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आगामी अन्वेषण जारी है तथा गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
