एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करते हुए ठियोग क्षेत्र के बहानी गांव में तड़के एक साथ तीन ठिकानों पर दबिश दी। इस समन्वित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 8 किलोग्राम चरस बरामद की है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुख्ता खुफिया सूचनाओं के आधार पर चिन्हित ठिकानों पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना ठियोग के अंतर्गत बहानी गांव में तीन अलग-अलग घरों में एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान तीनों ठिकानों से चरस बरामद हुई। इसके अलावा एक घर से 1,05,690 रुपये नकद और वजन मशीन भी कब्जे में ली गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस संबंध में थाना ठियोग में 22 नवंबर 2026 को अभियोग संख्या 179/26, 180/26 और 181/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस तीनों मामलों में आगामी जांच कर रही है।
बड़े नशा तस्करों पर पुलिस का फोकस
शिमला पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के तहत वर्ष 2026 में अब तक कमर्शियल मात्रा से जुड़े 27 मामले दर्ज किए गए हैं। जबकि वर्ष 2025 में 6, वर्ष 2024 में 14 और वर्ष 2023 में 6 मामले दर्ज हुए थे।
पुलिस का कहना है कि वर्ष 2026 में रणनीति बदलते हुए बड़े नशा तस्करों और उनके नेटवर्क पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। इस वर्ष दर्ज 27 मामले पिछले तीन वर्षों (2023 से 2025) के कुल 26 मामलों से भी अधिक हैं।
शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक, नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने और युवाओं तक नशे की आपूर्ति रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
