एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना चौपाल की टीम ने रिउणी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को गश्त के दौरान टीम को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रिउणी क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान सौरभ पुत्र अर्जुन, निवासी नेरवा, जिला शिमला की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे में एक पॉलीथीन की पुड़िया से 6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस ने मामले में पुलिस थाना चौपाल में एफआईआर संख्या 59/2026, दिनांक 19 अक्टूबर 2026, के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
