एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने तारादेवी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 20 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 अक्तूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल सेल शिमला की टीम ने तारादेवी क्षेत्र में एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से करीब 20 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार में सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार (20), निवासी चक्कर, शिमला; लखविन्द्र सिंह (36), निवासी तारादेवी, शिमला, मूल निवासी होशियारपुर, पंजाब; तथा सौरव कश्यप (29), निवासी झालगी, तारादेवी, शिमला के रूप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 220/2026, दिनांक 19 अक्तूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में नशे की आपूर्ति और अन्य संभावित संलिप्तता को लेकर आगामी अन्वेषण जारी है।
