एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
भारतीय जनता पार्टी मंडल सराहन की मासिक बैठक 15/20 क्षेत्र के गानवी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा मंडल सराहन के अध्यक्ष महेंद्र जैन ने की। इसमें विशेष रूप से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व हिमकोफेड चेयरमैन कौल सिंह नेगी उपस्थित रहे। बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और रामपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी की ओर से आयोजित किए जाने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन तथा ग्राम केंद्र स्तर पर पन्ना प्रमुख सम्मेलनों की तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में रामपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के पशु चिकित्सालयों में डॉक्टरों की तैनाती न होने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों के पद रिक्त रहने तथा सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्तियां न होने पर चिंता जताई। इन समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने और धरना-प्रदर्शन सहित आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में इन मुद्दों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना आवश्यक है।
बैठक में मंडल उपाध्यक्ष दीवान लकटू, मंडल सचिव एवं फुंजा पंचायत प्रधान गुड्डू राम टेकटा, कोषाध्यक्ष मणिलाल, किसान मोर्चा अध्यक्ष यशपाल झाई, उपप्रधान अजय मोदी, महिला मोर्चा महामंत्री कृष्णा मुखिया, बीडीसी गोपालपुर स्नारसा आशा, प्रवक्ता देशदीप, किसान मोर्चा महामंत्री जगदीश शर्मा, गोपाल बंसल, बहादुर सिंह भंडारी, ओपी महाजन, दलीप नीलतू, रमेश मुखिया, शिव सिंह टोल्टा और सुनील ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
