एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जसवां-परागपुर की ग्राम पंचायत बाड़ी से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां मंगलवार सुबह एक कार हादसे में बहन की विदाई कर घर लौट रहे इकलौते भाई की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिनेश शर्मा (30), के रूप में हुई है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां जवान बेटे की मौत की खबर से मातम पसर गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात को दिनेश शर्मा की बहन की शादी तलवाड़ा में संपन्न हुई थी। शादी की सभी रस्में पूरी करने और मंगलवार सुबह बहन की डोली विदा करने के बाद दिनेश अपनी कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बढ़ाल के समीप उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
समय पर इलाज न मिलने से तोड़ा दम
चश्मदीदों और पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद दिनेश गंभीर हालत में किसी तरह वाहन से बाहर तो निकल आए थे। लेकिन सुबह का समय होने के कारण सड़क पर आवाजाही बेहद कम थी, जिसकी वजह से काफी देर तक तड़प रहे दिनेश पर किसी की नजर नहीं पड़ी। काफी समय बीत जाने के बाद जब स्थानीय लोग वहां से गुजरे, तो उन्होंने दिनेश को सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल और बेसुध अवस्था में देखा। ग्रामीणों ने तुरंत एक निजी वाहन का इंतजाम किया और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। तब तक अत्यधिक खून बह जाने के कारण बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दिनेश को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना संसारपुर टैरेस से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इकलौते भाई की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
