एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में शिमला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपर शिमला क्षेत्र में सक्रिय चिट्टा सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए सप्लायर को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले का खुलासा 21 जून को हुआ, जब पुलिस थाना ठियोग की एक टीम फागू क्षेत्र में गश्त पर थी। एक गुप्त और विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध गाड़ी की तलाशी ली, जिसमें से 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसमें साहिल (22 वर्ष), निवासी गांव पजैला (फागू, ठियोग को मौके पर गिरफ्तार कर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया था।
मोबाइल चैट और डिजिटल सबूतों ने खोला राज
रिमांड के दौरान ठियोग पुलिस ने आरोपी साहिल के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड्स और व्हाट्सएप चैट का गहनता से विश्लेषण किया। इस डिजिटल जांच में सामने आया कि साहिल सीधे पंजाब के एक बड़े सप्लायर के संपर्क में था और यह खेप मोहाली से लेकर आया था।नशे के इस मुख्य सौदागर को दबोचने के लिए शिमला पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और उसे पंजाब रवाना किया। पुलिस टीम ने 29 जून की मध्यरात्रि को मोहाली के जगतपुरा (एसएएस नगर) में सटीक दबिश देकर सप्लायर शिवचरण महतो को गिरफ्तार कर लिया।
रडार पर हैं नशे के 50 खरीददार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी शिवचरण महतो लंबे समय से ऊपरी शिमला के युवाओं को चिट्टे की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने अब तक ऐसे 50 लोगों की पहचान कर ली है, जो इस सप्लायर से सीधे नशे की खेप खरीद रहे थे।आरोपी शिवचरण को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पेडलर्स और खरीदारों की कुंडली खंगाल रही है ताकि पूरे रैकेट का पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके।
