एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | Kalka-Shimla Train : कालका-शिमला विश्व धरोहर नैरोगेज रेलमार्ग पर टकसाल और गुम्मन के बीच ब्रिज नंबर-57 के पास क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का काम जारी है। इसके चलते रेलवे ने ट्रेनों के रद्द रहने की अवधि बढ़ाकर 30 नवंबर तक कर दी है। रेलवे की ताजा अधिसूचना के अनुसार एक से 30 नवंबर तक इस सेक्शन पर 10 प्रमुख ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि दो ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार अप दिशा की ट्रेन संख्या 52457, 52451, 52459, 52455 और अप मिक्स तथा डाउन दिशा की 52458, 52452, 52460, 52456 और डाउन मिक्स को एक से 30 नवंबर तक रद्द किया गया है। इससे कालका-शिमला के बीच नियमित टॉय ट्रेन सेवा प्रभावित रहेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने दो ट्रेनों को आंशिक रूप से चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 52453 धर्मपुर से शिमला के बीच संचालित होगी, जबकि कालका से धर्मपुर के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा। इसी तरह ट्रेन संख्या 52454 कालका से धर्मपुर तक चलेगी। धर्मपुर से शिमला के बीच इस ट्रेन का संचालन बंद रहेगा। इस व्यवस्था के कारण यात्रियों को यात्रा से पहले अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी ध्यान देना होगा।
बरसात में बह गई थी ट्रैक के नीचे की मिट्टी
ब्रिज नंबर-57 के पास भारी बरसात के कारण ट्रैक के नीचे की मिट्टी बह गई थी। इससे इस हिस्से में रेल यातायात प्रभावित हुआ और ट्रैक को नुकसान पहुंचा। रेलवे की ओर से फिलहाल क्षतिग्रस्त हिस्से को दोबारा बहाल करने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि कालका-शिमला रेलमार्ग पर यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेनों की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य जांच लें। मरम्मत कार्य की प्रगति के आधार पर ट्रेनों के संचालन से जुड़ा कार्यक्रम आगे बदला जा सकता है।
