एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में घंडल के पास वीरवार दोपहर HRTC बस और कार की जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा करीब 1:10 बजे हुआ। दुर्घटना में कार चालक मनीश गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका उपचार आईजीएमसी शिमला में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सोलन जिले की अर्की तहसील के फांजी गांव निवासी दयानंद, उनकी पत्नी हेमलता और उनकी माता विद्यादेवी के रूप में हुई है। दयानंद और उनकी माता विद्यादेवी ने हादसे में मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल हेमलता ने उपचार के दौरान आईजीएमसी शिमला में दम तोड़ दिया। कार चालक मनीश का अस्पताल में उपचार जारी है।
आईजीएमसी से स्वास्थ्य जांच करवाकर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार कार में एक ही परिवार के चार लोग सवार थे। परिवार के सदस्य स्वास्थ्य जांच के लिए आईजीएमसी शिमला आए थे। चेकअप करवाने के बाद सभी कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घंडल के पास सामने से आ रही HRTC बस से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि HRTC बस घंडल से शिमला की ओर आ रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोग अंदर फंस गए थे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया गया। हादसे में HRTC बस में सवार किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
बालूगंज थाना पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों का निरीक्षण किया। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन वीरवार शाम आईजीएमसी शिमला पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को आज सौंपे जाएंगे। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
