एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
शिमला पुलिस के नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामपुर उपमंडल के पुलिस थाना झाकड़ी की टीम ने तीन युवकों से 3.29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को थाना झाकड़ी की टीम ने धार गौरा के समीप डोई खड्ड में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार तीन व्यक्तियों के कब्जे से कुल 3.29 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने इस संबंध में थाना झाकड़ी में अभियोग संख्या 69/2026, दिनांक 25 अगस्त 2026, धारा 21 व 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपितों की पहचान हितेश ठाकुर, बलदेव और विशाल निवासी रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच तेज कर दी है।
