शिमला | भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में संगठनात्मक स्तर पर प्रदेश कोर कमेटी का गठन कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आदेशानुसार घोषित इस कमेटी में 12 सदस्यों को शामिल किया गया है, जबकि दो नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की।
प्रदेश कोर कमेटी में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन को शामिल किया गया है। इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप, लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और संजीव कटवाल को भी कमेटी में जगह दी गई है।
दो नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी
प्रदेश कोर कमेटी में भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और प्रदेश सह प्रभारी दर्शना सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कमेटी में कुल 12 नियमित सदस्य और दो विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे।
