शिमला | अनजान कॉल पर मोबाइल की स्क्रीन शेयर करना लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है। साइबर अपराधी बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर प्रतिनिधि और सेवा प्रदाता कंपनियों के कर्मचारी बनकर लोगों को केवाईसी अपडेट, रिफंड या तकनीकी समस्या दूर करने का झांसा दे रहे हैं। इसके बाद वे वीडियो कॉल या रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड करवाकर मोबाइल की स्क्रीन साझा करने के लिए कहते हैं। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क किया है।
पुलिस के अनुसार, स्क्रीन शेयर करने पर मोबाइल में होने वाली गतिविधियां साइबर ठग लाइव देख सकते हैं। इस दौरान मोबाइल बैंकिंग ऐप में उपलब्ध खाते का बैलेंस, वित्तीय जानकारी और अन्य संवेदनशील विवरण उनके सामने आ सकते हैं। ठग इसी जानकारी का इस्तेमाल लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए कर सकते हैं।
ओटीपी और बैंकिंग जानकारी पर रहता है ठगों का निशाना
स्क्रीन शेयरिंग के दौरान सबसे बड़ा खतरा वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) उजागर होने का है। ऑनलाइन लेनदेन के समय मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई देने वाला ओटीपी ठग देख सकते हैं। इसके अलावा डेबिट और क्रेडिट कार्ड की जानकारी, निजी एसएमएस और चैट तक उनकी पहुंच बन सकती है। ऐसी जानकारियों का दुरुपयोग आर्थिक धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और अन्य साइबर अपराधों में किया जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉलर के कहने पर संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करें और न ही मोबाइल की स्क्रीन शेयर करें। बैंक या किसी सेवा प्रदाता के नाम पर संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान की पुष्टि किए बिना उसके निर्देशों का पालन न करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है या उसे इसका अंदेशा होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। इसके अलावा नजदीकी पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इस तरह के साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।
