शिमला | जिला शिमला में चिट्टा (हेरोइन) और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वर्ष 2026 के दौरान अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 317 मामले दर्ज किए गए हैं और 630 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 की तुलना में इस साल दर्ज मामलों और गिरफ्तारियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। चिट्टा बरामदगी के मामले में भी इस वर्ष अब तक 5.8 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई है।
शिमला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 246 मामले दर्ज कर 451 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, वर्ष 2024 में 227 मामले दर्ज हुए थे और 559 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। वर्ष 2025 के मुकाबले 2026 में दर्ज मामलों में करीब 30 प्रतिशत और गिरफ्तारियों में लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
चिट्टा बरामदगी में भी बढ़ोतरी
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2023 में जिले में 2.3 किलोग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया था। वर्ष 2024 में यह मात्रा 2.7 किलोग्राम और वर्ष 2025 में 1.7 किलोग्राम रही। इसके मुकाबले वर्ष 2026 में अब तक 5.8 किलोग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया जा चुका है। यह वर्ष 2025 की तुलना में करीब 240 प्रतिशत अधिक है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई केवल छोटी खेपों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखी जा रही है। तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चेन और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
