एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
स्प्रिंगडेल स्कूल खनेरी, रामपुर में कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक एथलेटिक मीट का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में नन्हे विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता तथा अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।
खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर दौड़, हर्डल रेस, जंपिंग रिंग रेस, रेस विद पार्टनर, कैंट पिकिंग, 200 मीटर स्प्रिंट, 400 मीटर रिले रेस और टग ऑफ वॉर सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। मैदान में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में नवचेतना सोसाइटी के अध्यक्ष एचके आनंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। स्कूल प्रबंधक आत्मिक आनंद और उपप्रधानाचार्या मीनाक्षी कॉल ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मुख्य अतिथि एचके आनंद ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल गतिविधियों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि एथलेटिक मीट का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, टीमवर्क, आत्मविश्वास और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना है। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
