एआरबी टाइम्स | रामपुर बुशहर
पुलिस थाना रामपुर के अंतर्गत रचोली पंचायत के पशाडा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान कपिल देव पुत्र स्वर्गीय दौलत राम निवासी पशाडा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार कपिल देव मंगलवार सुबह करीब 9 बजे घास काटने के लिए अपने सेब बगीचे की ओर गए थे। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह ओडी स्थित बगीचे में अचेत अवस्था में मिले। घटना की सूचना पंचायत प्रधान वीना नेगी और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों तथा स्थानीय लोगों की मौजूदगी में शव का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मृतक के चेहरे पर खरोंचें, एक दांत टूटा हुआ तथा जीभ कटी हुई पाई गई। इसके अलावा छाती और कमर पर चोटों के निशान भी मिले।
घटनास्थल के निरीक्षण में सामने आया कि कपिल देव सीढ़ीनुमा खेत से करीब 33 फीट नीचे गिर गए थे। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए हैं। परिजनों ने किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है तथा प्रारंभिक जांच में मौत का कारण गिरने से लगी गंभीर चोटें माना जा रहा है।
बुधवार को खनेरी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
