शिमला | हिमाचल प्रदेश के लाखों राशन कार्ड धारकों को एक दिसंबर से सरकारी राशन डिपुओं में मिलने वाला राशन महंगे दामों पर मिलेगा। प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपलब्ध करवाए जाने वाले चावल, गेहूं के आटे और चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी की है। चावल दो रुपये, आटा ढाई रुपये और चीनी की कीमत सात रुपये प्रति किलो तक बढ़ाई गई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार नई दरें एक दिसंबर से पूरे प्रदेश में लागू होंगी। विभाग के निदेशक कुमुद सिंह ने 26 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
एपीएल और एनएफएसए उपभोक्ताओं के लिए नई दरें
नई दरों के अनुसार एपीएल श्रेणी के उपभोक्ताओं को अब चावल 13 रुपये के बजाय 15 रुपये प्रति किलो मिलेगा। गेहूं के आटे की कीमत 12 रुपये से बढ़ाकर 14.50 रुपये प्रति किलो कर दी गई है। वहीं, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत आने वाले परिवारों को चीनी अब 13 रुपये के बजाय 20 रुपये प्रति किलो मिलेगी।
एपीएल परिवारों के लिए चीनी की कीमत भी 33 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये प्रति किलो कर दी गई है। इस तरह इस श्रेणी के उपभोक्ताओं को चीनी के लिए दो रुपये प्रति किलो अतिरिक्त चुकाने होंगे।
दालों की सब्सिडी में भी बदलाव
सरकार ने दालों पर मिलने वाली सब्सिडी के नियमों में भी बदलाव किया है। अब एनएफएसए और एपीएल दोनों श्रेणियों के उपभोक्ताओं को दालों पर 15 रुपये प्रति किलो की समान सब्सिडी मिलेगी। इससे पहले दोनों श्रेणियों के लिए सब्सिडी का प्रावधान अलग-अलग था।
डिपो संचालकों का कमीशन दोगुना
उचित मूल्य की दुकान चलाने वाले डिपो धारकों को राहत देते हुए एपीएल चावल और गेहूं के वितरण पर मिलने वाला खुदरा कमीशन भी बढ़ाया गया है। इसे 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इससे डिपो संचालकों को पहले के मुकाबले दोगुना कमीशन मिलेगा। विभागीय आदेश के अनुसार एपीएल राशन की बिक्री दरों में बढ़ोतरी से प्राप्त अतिरिक्त राजस्व का इस्तेमाल राज्य सब्सिडी वाली वस्तुओं की खरीद में किया जाएगा। इस राशि को सब्सिडी बिलों में समायोजित किया जाएगा।
नई दरों पर एक नजर
| राशन सामग्री | पुरानी दर | नई दर |
|---|---|---|
| एपीएल चावल | ₹13/kg | ₹15/kg |
| गेहूं का आटा | ₹12/kg | ₹14.50/kg |
| एनएफएसए चीनी | ₹13/kg | ₹20/kg |
| एपीएल चीनी | ₹33/kg | ₹35/kg |
| दालों पर सब्सिडी | अलग-अलग | ₹15/kg समान |
