शिमला | Himachal High Court ने सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने के केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली सभी याचिकाएं खारिज कर दी हैं। अदालत ने हाटी समुदाय का एसटी दर्जा बरकरार रखते हुए स्पष्ट किया कि संसद की ओर से पारित कानून में हाईकोर्ट न तो रोक लगा सकता है और न ही उसमें संशोधन कर सकता है। किसी समुदाय को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने या बाहर रखने का अधिकार संसद के पास है।
Himachal High Court के न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर और न्यायाधीश भूपेश शर्मा की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की। करीब तीन साल से लंबित इस कानूनी मामले में फैसला आने से गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को बड़ी राहत मिली है। हाटी समुदाय की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने फैसले को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि संसद के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप करने की गुंजाइश नहीं है और इस संबंध में पहले से स्थापित न्यायिक सिद्धांतों का पालन किया गया है। वहीं, याचिकाकर्ता पक्ष की ओर से पेश अधिवक्ता ने भी हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया।
लंबे आंदोलन के बाद मिली राहत
केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ. अमीचंद ने फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि गिरिपार क्षेत्र के लोगों ने एसटी दर्जे की मांग को लेकर लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1967 में जौनसार क्षेत्र को हाटी का दर्जा मिल गया था, जबकि गिरिपार के लोग भी लंबे समय से इसी मांग को उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय हाटी समिति हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करती है और इस प्रक्रिया में सहयोग के लिए केंद्र तथा प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करती है।
3 से 3.5 लाख लोगों को मिलेगा लाभ : हर्षवर्धन चौहान
प्रदेश के उद्योग मंत्री एवं शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने भी Himachal High Court के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के लोगों के लंबे संघर्ष और उम्मीदों की जीत बताया। चौहान ने कहा कि करीब तीन साल से अदालत में लंबित मामले का निपटारा होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। उनके अनुसार, हाटी समुदाय को एसटी का दर्जा बरकरार रहने से क्षेत्र की करीब तीन से साढ़े तीन लाख आबादी लाभान्वित होगी। उन्होंने कहा कि यह फैसला लंबे समय से इस मांग को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों के लिए महत्वपूर्ण है।
