एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जी.बी. पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर बुशहर में 17 और 18 नवंबर को WILDE Student Conference 2026 का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस सम्मेलन का आयोजन महाविद्यालय और सारयान विज्ञान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारतीय हिमालयी क्षेत्र के प्राकृतिक परिदृश्य, जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा विशेषज्ञों के बीच विचारों और शोध अनुभवों का आदान-प्रदान करना है। इसमें प्रतिभागियों को अपने शोध कार्य प्रस्तुत करने, पोस्टर प्रदर्शित करने और अनुभवी वैज्ञानिकों से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्नातकोत्तर एवं पीएचडी में प्रवेश और शोध के अवसरों पर विशेष संवाद सत्र भी आयोजित होंगे।
सम्मेलन के दौरान QGIS, R, फील्ड एंटोमोलॉजी (कीट विज्ञान) और साइंस कम्युनिकेशन विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक कार्यशाला में 20 प्रतिभागियों के लिए स्थान निर्धारित किया गया है। इसके अलावा Science & Community Expo में स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों, फील्ड गाइड और वैज्ञानिक उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा।
विद्यार्थियों के लिए हिंदी और अंग्रेजी में 800 से 1,000 शब्दों की लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 5 नवंबर निर्धारित की गई है।
इच्छुक विद्यार्थी और शोधार्थी सम्मेलन में भाग लेने तथा शोध-सार प्रस्तुत करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए saryanfoundation@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने प्राध्यापकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों और विद्यार्थियों से सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान के नए अवसर प्रदान करने के साथ संस्थान की शैक्षणिक पहचान और प्रतिष्ठा को भी मजबूत बनाते हैं।
