एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर में विद्यार्थियों को पुस्तकों के प्रति आकर्षित करने और उनमें स्वाध्याय की आदत विकसित करने के उद्देश्य से पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित की गई। महाविद्यालय की पुस्तकालय समिति ने विजय बुक डिपो के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया।
प्रदर्शनी में साहित्य, विज्ञान, इतिहास, सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी विभिन्न पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा शैक्षणिक विषयों पर आधारित पुस्तकों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और जरूरत के अनुसार अध्ययन सामग्री चुनने का अवसर मिला। विद्यार्थियों के साथ-साथ प्राध्यापकों ने भी प्रदर्शनी में रुचि दिखाई और उपलब्ध पुस्तकों के बारे में जानकारी हासिल की।
इस दौरान पुस्तकालय समिति ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ-साथ पाठ्यक्रम से इतर पुस्तकें पढ़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया। समिति के अनुसार, पुस्तकों का अध्ययन न केवल ज्ञान के दायरे को व्यापक बनाता है, बल्कि तार्किक सोच, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास में भी अहम योगदान देता है।
पुस्तकालय समिति ने आयोजन में सहयोग के लिए विजय बुक डिपो का आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि महाविद्यालय में इस तरह की शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने और अध्ययन के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
