एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जी.बी. पंत मेमोरियल महाविद्यालय रामपुर बुशहर के वाणिज्य विभाग की ओर से विभाग परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया और वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. राजन नेगी के नेतृत्व में आयोजित अभियान में विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने मिलकर श्रमदान किया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने विभाग परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने भी महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाए रखने और स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान जलपान की व्यवस्था वाणिज्य संघ (कॉमर्स एसोसिएशन) की ओर से की गई। विभाग की ओर से बताया गया कि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. राजन नेगी के अलावा डॉ. ईश्वर नेगी, डॉ. आशीष चौहान, डॉ. हीरा भक्ति और डॉ. कृष्ण कुमार नेगी उपस्थित रहे।
