एआारबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर बुशहर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन WILDE Student Conference 2026 का मंगलवार को समापन हो गया। सम्मेलन के दूसरे दिन विशेषज्ञ व्याख्यानों, शोध प्रस्तुतियों, वैज्ञानिक कार्यशालाओं, पोस्टर प्रदर्शनी और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को हिमालयी पर्यावरण, जैव विविधता एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
दूसरे दिन आयोजित विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों ने शोध एवं परियोजना लेखन, वैज्ञानिक सॉफ्टवेयर, परागण प्रक्रिया, वन्यजीव प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। प्रमिति नेगी ने ‘राइटिंग द हिमालयाज’ विषय के तहत शोध एवं परियोजना लेखन तथा पश्चिमी हिमालय में भूमि उपयोग के पक्षी समुदायों पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी। वहीं, अमल के. व्यास ने आर स्टूडियो सॉफ्टवेयर, हेमंत सिंह ने परागण एवं पराग स्थानांतरण, साहिल ठाकुर ने पहाड़ी क्षेत्रों से शहरों की ओर बदलाव, केसांग चुनित ने कुत्तों की आबादी एवं प्रबंधन और योगेश शर्मा ने जलवायु परिवर्तन एवं परिदृश्य गतिशीलता पर व्याख्यान प्रस्तुत किए।
दोपहर बाद आयोजित सत्र में डॉ. प्रीति सरयान ने वैज्ञानिक अनुसंधान में परिकल्पना, पूर्वानुमान और प्रयोगों की रूपरेखा तैयार करने को लेकर कार्यशाला आयोजित की। इसके अतिरिक्त मनजोत कौर और सुश्री तंजिन छोवी ने वन्यजीव निगरानी एवं उनकी आबादी का आकलन करने की विभिन्न तकनीकों से विद्यार्थियों को अवगत करवाया। इस दौरान आयोजित पोस्टर प्रदर्शनी और विद्यार्थियों की रचनात्मक वैज्ञानिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
सम्मेलन का समन्वय संयोजक डॉ. अनुराधा नेगी कनैन ने किया। समापन समारोह में पीटीए अध्यक्ष लोकराज ठाकुर, महासचिव डॉ. प्रताप ठाकुर, संयुक्त सचिव देविका, सदस्य ज्योति लाल सहानी सहित अन्य सदस्य, ओएसए अध्यक्ष राजेश गुप्ता और सह-संयोजक डॉ. आशा गर्ग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. प्रताप ठाकुर ने किया, जबकि सर्याण विज्ञान फाउंडेशन की निदेशक डॉ. प्रीति नेगी ने सम्मेलन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने सम्मेलन के सफल आयोजन एवं समापन पर आयोजकों, संयोजकों, विशेषज्ञों और प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के अकादमिक आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, शोध के प्रति रुचि और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के माध्यम से विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के साथ संवाद करने, शोध की नवीन तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने और हिमालयी पर्यावरण एवं जैव विविधता संरक्षण के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर मिला।
