एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
स्प्रिंगडेल स्कूल खनेरी, रामपुर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में वर्षभर शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अरविंद दिग्विजय सिंह नेगी ने शिरकत की। वह हिमाचल प्रदेश कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), सीआईडी, हिमाचल प्रदेश में डीआईजी के पद पर कार्यरत हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष आनंद, आरती आनंद, विवेक आनंद, शैला आनंद, मुख्य सलाहकार अनिल ठाकुर, राजश्री ठाकुर, उपप्रधानाचार्या आशा सोफ्टा, मीनाक्षी कॉल, मुख्य समन्वयक चिंतामणि देष्टा, मुख्य प्रबंधक संजीव रांझा, रोहित चड्ढा, नव चेतना समिति के अध्यक्ष के. आनंद, एसएमसी अध्यक्ष अतुल तथा रमा आनंद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह में कक्षा जेकेजी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ स्प्रिंगडेल स्कूल निरमंड का स्टाफ भी शामिल हुआ।
समारोह के दौरान शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के विषयवार टॉपर्स को सम्मानित किया गया। इसके अलावा मोस्ट इनक्विजिटिव स्टूडेंट, बेस्ट ड्रेस्ड स्टूडेंट, बेस्ट वॉलंटियर और बेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर जैसी श्रेणियों में भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
खेलकूद, कला और प्रतियोगी परीक्षाओं में उपलब्धियों का सम्मान
टैलेंट हंट प्रतियोगिता के तहत नृत्य, गायन, चित्रकला, श्लोक उच्चारण, वाद्ययंत्र वादन और मॉडलिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। हिंदी वाद-विवाद, इंटर-हाउस क्विज, वॉलीबॉल, शतरंज, लेखन, क्ले मॉडलिंग और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मान मिला।
जवाहर नवोदय विद्यालय, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और सैनिक स्कूल के लिए चयनित विद्यार्थियों के साथ नीट, जेईई मेन, राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता, प्री-आरडीसी कैंप और एनसीसी में उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि अरविंद दिग्विजय सिंह नेगी ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने, अनुशासन बनाए रखने और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य मनीष आनंद ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आगे बढ़ने का उत्साह भर दिया।
