एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर बुशहर में कार्यकारी अधिकारी का पद रिक्त होने से आ रही प्रशासनिक दिक्कतों को दूर करने के लिए वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इस निर्णय पर नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा ने प्रदेश सरकार, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह और शहरी विकास विभाग का आभार व्यक्त किया है।
करण शर्मा ने बताया कि नगर परिषद रामपुर बुशहर में लंबे समय से कार्यकारी अधिकारी का पद खाली होने के कारण कर्मचारियों के वेतन संबंधी मामलों, प्रशासनिक कार्यों और विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों के संचालन में दिक्कतें आ रही थीं। इस समस्या को लेकर उन्होंने शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मुलाकात कर नगर परिषद की स्थिति से अवगत करवाया था और जल्द उचित व्यवस्था करने का आग्रह किया था।
उन्होंने बताया कि शहरी विकास विभाग की ओर से 16 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश के तहत नगर परिषद ठियोग के कार्यकारी अधिकारी वरुण शर्मा को नगर परिषद रामपुर बुशहर में वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इससे नगर परिषद के प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
नगर परिषद अध्यक्ष ने इस निर्णय के लिए मंत्री विक्रमादित्य सिंह और संबंधित विभाग के अधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने वरुण शर्मा को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके कार्यभार संभालने से नगर परिषद के लंबित मामलों के निपटारे और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
करण शर्मा ने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य शहर में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना और रामपुर बुशहर के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। इसके लिए नगर परिषद प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और राजनीति से ऊपर उठकर शहर के विकास के लिए प्रयास किए जाएंगे, ताकि रामपुर बुशहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।
