एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के ननखड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायत मझोली टिप्पर में सुरड बंगला से सरा बाहली (कुई धार) तक सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से नवरात्रों के शुभ अवसर पर शुरू किए गए इस कार्य से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय जनता ने सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए प्रदेश सरकार, लोक निर्माण मंत्री और रामपुर के विधायक का आभार व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, सुरड बंगला से सरा बाहली (कुई धार) तक करीब 9 से 10 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। भविष्य में यदि सरकार से आवश्यक स्वीकृति और सहयोग मिलता है, तो इस सड़क को सुंगरी–रोहड़ू सड़क मार्ग से जोड़ने की संभावना भी बन सकती है। इससे क्षेत्र में सड़क संपर्क को और बेहतर बनाने का रास्ता खुल सकता है।
सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्राम पंचायत मझोली टिप्पर के प्रधान बलवीर सिंह, उपप्रधान तसवीर ठाकुर, पूर्व प्रधान एवं जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष विजय कनैन, पूर्व उपप्रधान नरेंद्र चौहान तथा समस्त स्थानीय जनता ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और रामपुर के विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल का धन्यवाद किया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की बुनियादी जरूरत है। इसके निर्माण से लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र में अन्य विकास गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय जनता ने इस विकास कार्य को आगे बढ़ाने के लिए लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों का आभार जताया तथा उम्मीद व्यक्त की कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ेगा।
