एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) में शामिल होने वाले अनंतिम रूप से पात्र अभ्यर्थियों के ई-कॉल लेटर जारी कर दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने ये ई-कॉल लेटर अभ्यर्थियों की संबंधित यूजर आईडी पर अपलोड किए हैं।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी यूजर आईडी पर लॉग-इन करके ई-कॉल लेटर डाउनलोड करें और उसमें दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। इस संबंध में अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर भी सूचना भेजी गई है।
ऑफलाइन नहीं भेजे जाएंगे कॉल लेटर
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को डाक या अन्य माध्यम से अलग से कोई ऑफलाइन कॉल लेटर नहीं भेजा जाएगा। ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को समय रहते अपना ई-कॉल लेटर डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही PST और PET के जिला-वार निर्धारित कार्यक्रम एवं तिथियों की जानकारी भी प्राप्त करना आवश्यक है, ताकि परीक्षण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हेल्पलाइन नंबर पर ले सकते हैं जानकारी
ई-कॉल लेटर डाउनलोड करने या भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए आयोग ने 0177-2629738 और 0177-2624313 दूरभाष नंबर जारी किए हैं। इसके अतिरिक्त टोल-फ्री नंबर 1800-180-8004 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी निर्देशों का पालन करें और निर्धारित तिथि के अनुसार PST एवं PET में शामिल होने की तैयारी पूरी रखें।
