एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड, एमएड एंड डिग्री कॉलेज, नोगली (बालना) में प्रश्नोत्तरी एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के शिक्षक-प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता, रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के ज्ञान, आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के तहत सबसे पहले प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के चारों सदनों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस दौरान प्रतिभागियों में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में गौतम बुद्ध सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस सदन की उपमा, प्रिया, जतिन, साक्षी, सुरजीत और पल्लवी विजेता रहे। वहीं, कौटिल्य सदन की रिया, दैविक, सरिता, जानवी, आरुषि और तनुजा ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसके बाद आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया। मेहंदी डिजाइनों की बारीकी, सुंदरता और रचनात्मकता ने प्रतियोगिता को रोचक बनाया। इसमें कौटिल्य सदन की पल्लवी और जानवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एकलव्य सदन की निहारिका और मुस्कान द्वितीय स्थान पर रहीं।
महाविद्यालय में इस प्रकार की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास को ध्यान में रखते हुए किया जाता है। शिक्षक-प्रशिक्षुओं के लिए ऐसी प्रतियोगिताएं विशेष महत्व रखती हैं, क्योंकि इनके माध्यम से ज्ञान, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामूहिक कार्य करने की क्षमता विकसित होती है।
