एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जम्मू में आयोजित नेशनल परफॉर्मिंग आर्ट्स चैंपियनशिप 2026-27 में शिवांश डांस अकादमी, दत्तनगर के तीन प्रशिक्षुओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पारंपरिक एकल नृत्य प्रतियोगिता में स्थान हासिल किए हैं।
प्रतियोगिता में किन्नौर निवासी मनत नेगी ने पारंपरिक एकल नृत्य श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक प्राप्त किया। मनत नेगी के पिता ताशी नेगी और माता अनीता हैं। वहीं, रामपुर बुशहर निवासी बीबी तामंग ने पारंपरिक एकल नृत्य प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया। बीबी तमांग के पिता प्रेम तमांग और माता उर्मिला तमांग हैं।

इसी प्रतियोगिता में रामपुर की आंचल जोशी ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक प्राप्त किया। आंचल जोशी के पिता सतपाल जोशी और माता संगीता सतपाल जोशी हैं। तीनों प्रतिभागियों को नृत्य प्रशिक्षक एवं कोरियोग्राफर सैम नेगी ने प्रशिक्षण दिया। तीनों का अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन होना शिवांश डांस अकादमी और उनके परिवारों के लिए गर्व का विषय है।इस उपलब्धि से रामपुर बुशहर और किन्नौर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। तीनों प्रतिभागियों की सफलता उनकी मेहनत, लगन और नृत्य के प्रति समर्पण को दर्शाती है। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
