एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंडीगढ़
एनएचपीसी लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत नगर निगम, चंडीगढ़ के सहयोग से स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 22 सितंबर को सेक्टर-42 के साइकिल ट्रैक तथा 23 सितंबर को सेक्टर-32सी स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान आयोजित किया गया।
एनएचपीसी के कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम के मार्गदर्शन में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के अंतर्गत विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में एनएचपीसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नगर निगम, चंडीगढ़ के स्टाफ के साथ मिलकर निर्धारित Cleanliness Target Units (CTU) में साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान एनएचपीसी एवं नगर निगम के कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए सार्वजनिक स्थलों की सफाई की और लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों को कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
नगर निगम, चंडीगढ़ की ओर से उपलब्ध कराए गए जागरूकता पैम्फलेट भी नागरिकों को वितरित किए गए। इनमें गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक और सैनिटरी कचरे को अलग-अलग रखने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उचित निस्तारण करने की जानकारी दी गई।
नागरिकों को खुले में कचरा न फेंकने और न जलाने, सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा संग्रहण के समय कचरे को निर्धारित श्रेणियों में अलग करके देने के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही, स्वच्छता संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए संपर्क माध्यमों की जानकारी भी साझा की गई।
एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ ने अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और स्वच्छ एवं स्वस्थ सार्वजनिक वातावरण के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
